ब्लड प्रेशर को समझें: सामान्य रीडिंग, हाई ब्लड प्रेशर और डॉक्टर से कब संपर्क करें

क्या केवल १२०/८० ही सामान्य ब्लड प्रेशर है? भारतीय उच्च रक्तचाप दिशानिर्देशों और विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार जानें कि आपकी बीपी रीडिंग का क्या अर्थ है।

ब्लड प्रेशर यानी रक्तचाप, हृदय और रक्त वाहिकाओं के स्वास्थ्य का एक महत्वपूर्ण संकेतक है। लेकिन इसकी रीडिंग को लेकर कई गलतफहमियाँ भी हैं।

क्या केवल १२०/८० mmHg ही सामान्य है? क्या १३०/८० का मतलब हाई ब्लड प्रेशर है? डॉक्टर के क्लिनिक में बीपी घर की तुलना में अधिक क्यों हो सकता है? और क्या बढ़ती उम्र के साथ ब्लड प्रेशर के उपचार का लक्ष्य बदलता है?

इन सवालों के जवाब इस बात पर निर्भर करते हैं कि रक्तचाप कैसे मापा गया है, क्या वह बार-बार बढ़ा हुआ मिलता है और व्यक्ति की संपूर्ण स्वास्थ्य स्थिति कैसी है।

इस लेख में इन विषयों को भारतीय उच्च रक्तचाप दिशानिर्देश (IGH-V), २०२५–२०२६ और विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मार्गदर्शन के आधार पर समझाया गया है।

१. ब्लड प्रेशर की रीडिंग का क्या अर्थ है?

ब्लड प्रेशर वह दबाव है जो शरीर में बहता हुआ रक्त धमनियों की दीवारों पर डालता है।

ब्लड प्रेशर की रीडिंग में दो संख्याएँ होती हैं:

  • सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर: ऊपर की संख्या, जो उस समय धमनियों में दबाव दर्शाती है जब हृदय का बायाँ निलय (Left Ventricle) सिकुड़कर रक्त को शरीर की ओर पंप करता है।

  • डायस्टोलिक ब्लड प्रेशर: नीचे की संख्या, जो उस समय धमनियों में दबाव दर्शाती है जब बायाँ निलय शिथिल होकर अगली बार रक्त पंप करने से पहले रक्त से भरता है।

उदाहरण के लिए, १२४/८२ mmHg की रीडिंग में सिस्टोलिक दबाव १२४ और डायस्टोलिक दबाव ८२ होता है।

ब्लड प्रेशर को मिलीमीटर ऑफ मरकरी (mmHg) में मापा जाता है।

रक्तचाप का आकलन करते समय दोनों संख्याएँ महत्वपूर्ण होती हैं।

स्रोत: विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO), Hypertension, २५ सितंबर २०२५।
https://www.who.int/news-room/fact-sheets/detail/hypertension

२. भारतीय दिशानिर्देशों के अनुसार सामान्य ब्लड प्रेशर कितना होता है?

एक आम गलतफहमी है कि केवल १२०/८० mmHg ही सामान्य ब्लड प्रेशर होता है।

भारतीय उच्च रक्तचाप दिशानिर्देश सामान्य ब्लड प्रेशर को केवल इसी एक रीडिंग तक सीमित नहीं रखते।

भारतीय उच्च रक्तचाप दिशानिर्देश (IGH-V), २०२५–२०२६, १८ वर्ष और उससे अधिक उम्र के वयस्कों के लिए निम्न वर्गीकरण देते हैं।

भारतीय दिशानिर्देशों के अनुसार ब्लड प्रेशर का वर्गीकरण

श्रेणी: सिस्टोलिक बीपी (स) एवं डायस्टोलिक बीपी (ड)

आदर्श रक्तचाप: १२० से कम (स) और ८० से कम (ड)

सामान्य रक्तचाप: १३० से कम (स) और ८५ से कम (ड)

सामान्य से अधिक, लेकिन उच्च रक्तचाप की सीमा से नीचे: १३०–१४० (स) या ८५–८९ (ड)

हल्का उच्च रक्तचाप: १४०–१६० (स) या ९०–१०० (ड)

मध्यम उच्च रक्तचाप: १६०–१८० (स) या १००–११० (ड)

गंभीर उच्च रक्तचाप: १८० या अधिक (स) या ११० या अधिक (ड)

ध्यान दें: यह तालिका मूल भारतीय दिशानिर्देश की तालिका १ में दिए गए संख्यात्मक मानों पर आधारित है। प्रकाशित तालिका में कुछ श्रेणियों की सीमाएँ एक-दूसरे से मिलती हैं। दिशानिर्देश क्लिनिक में उच्च रक्तचाप की पहचान के लिए सिस्टोलिक १४० और/या डायस्टोलिक ९० mmHg या अधिक की सीमा अलग से बताते हैं।

दिशानिर्देश दो अन्य स्थितियों को भी पहचानते हैं:

  • आइसोलेटेड सिस्टोलिक हाइपरटेंशन: सिस्टोलिक दबाव १४० या अधिक, जबकि डायस्टोलिक दबाव ९० से कम हो।

  • आइसोलेटेड डायस्टोलिक हाइपरटेंशन: सिस्टोलिक दबाव १४० से कम, जबकि डायस्टोलिक दबाव ९० या अधिक हो।

यदि सिस्टोलिक और डायस्टोलिक मान अलग-अलग श्रेणियों में आते हैं, तो उच्चतर श्रेणी के आधार पर वर्गीकरण किया जाता है।

यह वर्गीकरण उन वयस्कों के लिए है जो रक्तचाप कम करने की दवा नहीं ले रहे हैं और जिन्हें कोई तीव्र बीमारी नहीं है। यह एक अकेली रीडिंग के बजाय बार-बार ली गई रीडिंग के औसत पर आधारित है।

रोज़मर्रा की ज़िंदगी में इसका क्या अर्थ है?

१२४/८२ mmHg जैसी रीडिंग भारतीय दिशानिर्देशों की सामान्य श्रेणी में आती है।

१३०/८० mmHg की रीडिंग सामान्य से अधिक यानी हाई-नॉर्मल श्रेणी में आती है, क्योंकि सिस्टोलिक मान १३० है।

लेकिन हाई-नॉर्मल ब्लड प्रेशर का अर्थ यह नहीं है कि व्यक्ति को उच्च रक्तचाप की बीमारी हो गई है।

इन श्रेणियों का उपयोग डॉक्टर अन्य स्वास्थ्य जोखिमों के साथ मिलाकर करते हैं।

स्रोत: Mehta N, Mathur G, Pal J, Taneja A एवं अन्य। Indian Guidelines on Hypertension (I.G.H.)-V. 2025–2026, Journal of the Association of Physicians of India, मई २०२६, तालिका १।
https://www.japi.org/article/japi-74-5-s1-8

३. हाई ब्लड प्रेशर या हाइपरटेंशन की पहचान कब की जाती है?

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, जब दो अलग-अलग दिनों में मापने पर:

  • सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर दोनों दिनों में १४० mmHg या अधिक हो, और/या

  • डायस्टोलिक ब्लड प्रेशर दोनों दिनों में ९० mmHg या अधिक हो,

तो उच्च रक्तचाप का निदान किया जा सकता है।

भारतीय दिशानिर्देश भी क्लिनिक में उच्च रक्तचाप की पहचान के लिए १४०/९० mmHg की सीमा का उपयोग करते हैं।

इसलिए, एक बार बीपी बढ़ा हुआ आने का अर्थ हमेशा यह नहीं है कि व्यक्ति को स्थायी उच्च रक्तचाप है।

आमतौर पर सही तरीके से दोबारा मापना और चिकित्सकीय मूल्यांकन आवश्यक होता है।

भारतीय दिशानिर्देश प्रारंभिक जाँच के बाद कम से कम दो अलग अवसरों पर, सामान्यतः एक से तीन सप्ताह के अंतराल में, ली गई कम से कम दो रीडिंग के औसत को महत्व देते हैं।

हालाँकि, बहुत अधिक रक्तचाप या गंभीर लक्षण होने पर नियमित फॉलो-अप का इंतज़ार करने के बजाय तुरंत चिकित्सकीय जाँच आवश्यक हो सकती है।

स्रोत:

१. विश्व स्वास्थ्य संगठन, Hypertension, निदान संबंधी अनुभाग।
https://www.who.int/news-room/fact-sheets/detail/hypertension

२. WHO India, Hypertension।
https://www.who.int/india/health-topics/hypertension

३. Indian Guidelines on Hypertension (IGH-V), 2025–2026, तालिका १ और ३।
https://www.japi.org/article/japi-74-5-s1-8

४. घर और डॉक्टर के क्लिनिक में ब्लड प्रेशर अलग क्यों हो सकता है?

ब्लड प्रेशर की रीडिंग इस बात के अनुसार बदल सकती है कि उसे कहाँ और किस प्रकार मापा गया है।

भारतीय दिशानिर्देश इन मापों में अंतर बताते हैं:

  • ऑफिस बीपी: डॉक्टर के क्लिनिक या चिकित्सा केंद्र में मापा गया रक्तचाप।

  • होम बीपी: घर पर मापा गया रक्तचाप।

  • एम्बुलेटरी बीपी: ऐसा रक्तचाप जो एक विशेष उपकरण द्वारा दिनभर की गतिविधियों और नींद के दौरान बार-बार रिकॉर्ड किया जाता है।

मापने की विधि के अनुसार उच्च रक्तचाप की पहचान की सीमाएँ

मापने की विधि: सिस्टोलिक सीमा (स.स) एवं डायस्टोलिक सीमा (ड.स)

क्लिनिक में बीपी: १४० या अधिक (स.स) एवं ९० या अधिक (ड.स)

घर पर औसत बीपी: १३५ या अधिक (स.स) एवं ८५ या अधिक (ड.स)

२४ घंटे का औसत: १३० या अधिक (स.स) एवं ८० या अधिक (ड.स)

दिन के समय का औसत: १३५ या अधिक (स.स) एवं ८५ या अधिक (ड.स)

रात के समय का औसत: १२० या अधिक (स.स) एवं  ७० या अधिक (ड.स)

ये अलग-अलग परिस्थितियों में मापे गए रक्तचाप की सीमाएँ हैं। इन्हें एक-दूसरे के स्थान पर नहीं इस्तेमाल करना चाहिए।

उदाहरण के लिए, क्लिनिक में एक बार सिस्टोलिक दबाव १३० आने का अर्थ, २४ घंटे के एम्बुलेटरी औसत में १३० आने जैसा नहीं है।

व्हाइट-कोट हाइपरटेंशन

इस स्थिति में क्लिनिक में रक्तचाप बढ़ा हुआ मिलता है, जबकि क्लिनिक के बाहर मापने पर वह संबंधित उच्च रक्तचाप की सीमा से नीचे रहता है।

मास्क्ड हाइपरटेंशन

इस स्थिति में क्लिनिक में रक्तचाप उच्च रक्तचाप की सीमा से नीचे मिलता है, लेकिन घर या अन्य परिस्थितियों में मापने पर बढ़ा हुआ पाया जाता है।

इसीलिए कुछ व्यक्तियों में घर पर नियमित मापन या एम्बुलेटरी मॉनिटरिंग उपयोगी हो सकती है।

स्रोत:Indian Guidelines on Hypertension (IGH-V), 2025–2026, तालिका २, ३ और ४।
https://www.japi.org/article/japi-74-5-s1-8

५. क्या उम्र बढ़ने के साथ ब्लड प्रेशर बदलता है?

उम्र हृदय और रक्त वाहिकाओं के स्वास्थ्य को प्रभावित करने वाला एक महत्वपूर्ण कारक है।

WHO बढ़ती उम्र को उच्च रक्तचाप के जोखिम कारकों में शामिल करता है।

भारतीय दिशानिर्देश भी बताते हैं कि ६० वर्ष से अधिक उम्र के लोगों में हृदय संबंधी जोखिम के आकलन में सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर विशेष महत्व रखता है।

बढ़ती उम्र में एक स्थिति देखी जा सकती है जिसे आइसोलेटेड सिस्टोलिक हाइपरटेंशन कहते हैं। इसमें सिस्टोलिक दबाव बढ़ा हुआ होता है, जबकि डायस्टोलिक दबाव उच्च रक्तचाप की सीमा से नीचे रहता है।

भारतीय दिशानिर्देश वृद्धावस्था में बड़ी धमनियों की कठोरता बढ़ने को इस स्थिति का एक कारण बताते हैं।

लेकिन उम्र के साथ रक्तचाप बढ़ना आम होने का अर्थ यह नहीं है कि बढ़ा हुआ रक्तचाप हानिरहित है।

क्या बुज़ुर्गों के लिए उपचार का लक्ष्य अलग हो सकता है?

हाँ। भारतीय दिशानिर्देश उम्र और स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार उपचार के लक्ष्यों में अंतर करते हैं।

उदाहरण के लिए, उनकी तालिका १८ में ६५–८० वर्ष के वयस्कों के लिए सिस्टोलिक रक्तचाप का लक्ष्य १३०–१४० mmHg और डायस्टोलिक रक्तचाप का लक्ष्य ७०–८० mmHg दिया गया है, जिसे व्यक्ति की स्थिति के अनुसार निर्धारित किया जाता है।

दिशानिर्देश वृद्धावस्था, शारीरिक दुर्बलता और खड़े होने पर रक्तचाप गिरने जैसी स्थितियों में व्यक्तिगत मूल्यांकन का भी महत्व बताते हैं।

ये उच्च रक्तचाप के उपचार के लक्ष्य हैं, सामान्य रक्तचाप की अलग परिभाषाएँ नहीं।

स्रोत:

१. Indian Guidelines on Hypertension (IGH-V), 2025–2026, तालिका ४ और १८ तथा प्रबंधन संबंधी अनुभाग।
https://www.japi.org/article/japi-74-5-s1-8

२. विश्व स्वास्थ्य संगठन, Hypertension, जोखिम कारक संबंधी अनुभाग।
https://www.who.int/news-room/fact-sheets/detail/hypertension

६. क्या पुरुषों और महिलाओं में सामान्य ब्लड प्रेशर की सीमा अलग होती है?

भारतीय उच्च रक्तचाप दिशानिर्देश भारत में उम्र और लिंग के अनुसार उच्च रक्तचाप के विभिन्न पैटर्न की चर्चा करते हैं।

हालाँकि, वयस्कों के लिए उनकी मुख्य वर्गीकरण तालिका पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग सामान्य रक्तचाप की सीमाएँ निर्धारित नहीं करती।

इसलिए किसी रीडिंग को केवल व्यक्ति के पुरुष या महिला होने के आधार पर सामान्य या असामान्य नहीं कहा जाना चाहिए।

रक्तचाप की व्याख्या करते समय व्यक्ति की संपूर्ण स्वास्थ्य स्थिति और हृदय संबंधी जोखिमों को भी ध्यान में रखना आवश्यक है।

स्रोत:Indian Guidelines on Hypertension (IGH-V), 2025–2026, प्रस्तावना और तालिका १।
https://www.japi.org/article/japi-74-5-s1-8

७. हाई ब्लड प्रेशर होने के क्या कारण हैं?

उच्च रक्तचाप के पीछे कई कारण और जोखिम कारक हो सकते हैं।

WHO इन्हें दो प्रमुख समूहों में बताता है।

ऐसे जोखिम कारक जिनमें बदलाव किया जा सकता है

  • भोजन में अत्यधिक नमक

  • संतृप्त वसा या ट्रांस फैट की अधिक मात्रा

  • फल और सब्ज़ियों का पर्याप्त सेवन न करना

  • शारीरिक गतिविधियों की कमी

  • तंबाकू का सेवन

  • अत्यधिक शराब का सेवन

  • अधिक वजन या मोटापा

ऐसे जोखिम कारक जिन्हें आसानी से बदला नहीं जा सकता

  • बढ़ती उम्र

  • परिवार में उच्च रक्तचाप का इतिहास या आनुवंशिक प्रवृत्ति

  • कुछ अन्य बीमारियाँ, जैसे डायबिटीज़ या किडनी की बीमारी

भारतीय दिशानिर्देश उच्च रक्तचाप को प्राइमरी हाइपरटेंशन और सेकेंडरी हाइपरटेंशन में भी विभाजित करते हैं।

प्राइमरी हाइपरटेंशन: जब उच्च रक्तचाप का कोई एक निश्चित कारण पहचाना नहीं जा सकता।

सेकेंडरी हाइपरटेंशन: जब उच्च रक्तचाप के पीछे कोई पहचान योग्य बीमारी या अन्य कारण मौजूद हो।

इनके बीच अंतर करना महत्वपूर्ण है, क्योंकि कुछ स्थितियों में मूल कारण की पहचान उपचार को प्रभावित कर सकती है।

स्रोत:

१. विश्व स्वास्थ्य संगठन, Hypertension, जोखिम कारक संबंधी अनुभाग।
https://www.who.int/news-room/fact-sheets/detail/hypertension

२. Indian Guidelines on Hypertension (IGH-V), 2025–2026, तालिका ४।
https://www.japi.org/article/japi-74-5-s1-8

८. क्या बिना किसी लक्षण के भी हाई ब्लड प्रेशर हो सकता है?

हाँ।

WHO के अनुसार, उच्च रक्तचाप वाले बहुत से लोगों में कोई स्पष्ट लक्षण नहीं होते।

इसीलिए रक्तचाप मापना महत्वपूर्ण है।

लंबे समय तक अनियंत्रित उच्च रक्तचाप से कई गंभीर समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।

  • हृदय: कोरोनरी आर्टरी डिज़ीज़, हार्ट अटैक और हार्ट फेल्योर

  • मस्तिष्क: स्ट्रोक

  • किडनी: किडनी को नुकसान और किडनी फेल्योर

  • रक्त वाहिकाएँ: लगातार बढ़े हुए दबाव से रक्त वाहिकाओं को नुकसान

व्यक्ति सामान्य महसूस कर सकता है, भले ही उसका रक्तचाप लगातार बढ़ा हुआ हो।

नियमित जाँच से उच्च रक्तचाप का समय पर पता लगाने में सहायता मिल सकती है।

स्रोत: विश्व स्वास्थ्य संगठन, Hypertension, लक्षण और जटिलताओं संबंधी अनुभाग।
https://www.who.int/news-room/fact-sheets/detail/hypertension

९. क्या हाई ब्लड प्रेशर वाले सभी लोगों को एक जैसा उपचार चाहिए?

नहीं।

भारतीय दिशानिर्देश रक्तचाप के स्तर के साथ-साथ हृदय संबंधी जोखिम, पहले से मौजूद बीमारियाँ, उम्र और अन्य स्वास्थ्य परिस्थितियों को भी महत्व देते हैं।

आदर्श या सामान्य रक्तचाप वाले लोगों के लिए स्वस्थ जीवनशैली और नियमित जाँच को प्रोत्साहित किया जाता है।

कुछ ऐसे लोगों में, जिनका रक्तचाप हाई-नॉर्मल श्रेणी में है और जिनमें हृदय संबंधी जोखिम अधिक है, अतिरिक्त चिकित्सकीय ध्यान की आवश्यकता हो सकती है।

इसलिए दवा शुरू करने का निर्णय केवल एक संख्या के आधार पर नहीं किया जाता।

क्या उपचार का लक्ष्य और सामान्य रक्तचाप एक ही बात हैं?

नहीं।

निदान की सीमा यह पहचानने में सहायता करती है कि व्यक्ति को उच्च रक्तचाप है या नहीं।

उपचार का लक्ष्य यह निर्धारित करने में सहायता करता है कि इलाज के दौरान रक्तचाप को किस स्तर तक नियंत्रित रखना है।

WHO के सार्वजनिक मार्गदर्शन के अनुसार, अधिकांश लोगों के लिए उपचार का लक्ष्य १४०/९० mmHg से नीचे है। हृदय रोग, डायबिटीज़, क्रॉनिक किडनी डिज़ीज़ या अधिक हृदय संबंधी जोखिम वाले लोगों के लिए १३०/८० mmHg से नीचे का लक्ष्य बताया गया है।

भारतीय दिशानिर्देश भी उम्र और स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार उपचार के अलग लक्ष्य देते हैं।

इनका पालन चिकित्सकीय मूल्यांकन के आधार पर किया जाना चाहिए, न कि स्वयं दवा बदलकर।

स्रोत:

१. Indian Guidelines on Hypertension (IGH-V), 2025–2026, उच्च रक्तचाप प्रबंधन और तालिका १८–२०।
https://www.japi.org/article/japi-74-5-s1-8

२. विश्व स्वास्थ्य संगठन, Hypertension, उपचार संबंधी अनुभाग।
https://www.who.int/news-room/fact-sheets/detail/hypertension

३. WHO, Guideline for the Pharmacological Treatment of Hypertension in Adults, २०२१।
https://www.ncbi.nlm.nih.gov/books/NBK573627/

१०. क्या दवा लेने के बावजूद ब्लड प्रेशर बदल सकता है?

हाँ। ब्लड प्रेशर की रीडिंग समय-समय पर बदल सकती है।

भारतीय दिशानिर्देश रीडिंग में होने वाले बदलावों को स्वीकार करते हैं और हर बार बिल्कुल एक जैसी संख्या पाने के बजाय अधिकांश रीडिंग को निर्धारित उपचार लक्ष्य के भीतर रखने पर ज़ोर देते हैं।

वे नियमित फॉलो-अप और दवाओं का सही तरीके से सेवन करने का भी महत्व बताते हैं।

एक अकेली रीडिंग सामान्य से ऊपर या नीचे आने का अर्थ हमेशा यह नहीं होता कि उपचार असफल हो गया है।

लेकिन यदि रीडिंग बार-बार निर्धारित सीमा से बाहर आती है, तो चिकित्सकीय समीक्षा आवश्यक हो सकती है।

डॉक्टर की सलाह के बिना ब्लड प्रेशर की दवा बंद न करें और उसकी मात्रा स्वयं न बढ़ाएँ या घटाएँ।

स्रोत:

१. Indian Guidelines on Hypertension (IGH-V), 2025–2026, प्रबंधन संबंधी अनुभाग और तालिका १९ के बाद की चर्चा।
https://www.japi.org/article/japi-74-5-s1-8

२. विश्व स्वास्थ्य संगठन, Hypertension, उपचार और रोकथाम संबंधी अनुभाग।
https://www.who.int/news-room/fact-sheets/detail/hypertension

११. हाई ब्लड प्रेशर से बचाव और नियंत्रण कैसे करें?

WHO उच्च रक्तचाप की रोकथाम और नियंत्रण के लिए जीवनशैली से जुड़े कई उपाय सुझाता है।

इनमें शामिल हैं:

  • अधिक फल और सब्ज़ियाँ खाना

  • भोजन में अतिरिक्त नमक कम करना

  • नियमित शारीरिक गतिविधियाँ करना

  • स्वस्थ वजन बनाए रखना

  • तंबाकू से बचना

  • शराब का सेवन सीमित करना

  • तनाव को संभालना

  • निर्धारित दवाएँ नियमित रूप से लेना

  • डॉक्टर द्वारा सुझाए गए फॉलो-अप कराना

WHO प्रति सप्ताह कम से कम १५० मिनट मध्यम तीव्रता वाली एरोबिक गतिविधि या ७५ मिनट तीव्र गतिविधि की सलाह देता है। इसके साथ सप्ताह में कम से कम दो दिन मांसपेशियों को मजबूत करने वाली गतिविधियाँ भी सुझाई जाती हैं।

स्वस्थ जीवनशैली महत्वपूर्ण है, लेकिन कुछ व्यक्तियों को रक्तचाप नियंत्रित करने के लिए दवाओं की भी आवश्यकता होती है।

स्रोत: विश्व स्वास्थ्य संगठन, Hypertension, रोकथाम और उपचार संबंधी अनुभाग।
https://www.who.int/news-room/fact-sheets/detail/hypertension

१२. हाई ब्लड प्रेशर कब चिंता का विषय बन सकता है?

यदि रक्तचाप बार-बार बढ़ा हुआ मिलता है, विशेषकर जब व्यक्ति को हृदय संबंधी अन्य जोखिम या पहले से कोई बीमारी हो, तो चिकित्सकीय मूल्यांकन आवश्यक है।

बहुत अधिक रक्तचाप के साथ कुछ गंभीर लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं।

WHO निम्न लक्षणों का उल्लेख करता है:

  • तेज़ सिरदर्द

  • सीने में दर्द

  • साँस लेने में कठिनाई

  • धुँधला दिखना या दृष्टि में बदलाव

  • भ्रम या चेतना में बदलाव

  • मतली या उल्टी

  • हृदय की धड़कन में असामान्यता

WHO बहुत अधिक रक्तचाप को सामान्यतः लगभग १८०/१२० mmHg या उससे अधिक बताता है।

यदि रक्तचाप बहुत अधिक है और उसके साथ गंभीर लक्षण भी हैं, तो तुरंत आपातकालीन चिकित्सा सहायता लें।

लक्षण अपने आप ठीक होने का इंतज़ार न करें।

सीने में दर्द, अचानक बोलने या चलने में परेशानी, गंभीर साँस की तकलीफ़ या चेतना में बदलाव जैसी स्थितियाँ रक्तचाप की किसी भी रीडिंग पर आपातकालीन हो सकती हैं।

स्रोत: विश्व स्वास्थ्य संगठन, Hypertension, लक्षण संबंधी अनुभाग।
https://www.who.int/news-room/fact-sheets/detail/hypertension

१३. ब्लड प्रेशर से जुड़े आम सवाल

क्या केवल १२०/८० ही सामान्य ब्लड प्रेशर है?

नहीं। भारतीय दिशानिर्देशों के अनुसार, सिस्टोलिक १३० से कम और डायस्टोलिक ८५ से कम रक्तचाप सामान्य श्रेणी में आता है। जबकि १२०/८० से नीचे की रीडिंग को आदर्श श्रेणी में रखा गया है।

क्या १३०/८० का मतलब हाई ब्लड प्रेशर है?

भारतीय दिशानिर्देशों के अनुसार, क्लिनिक में एक बार १३०/८० आने से उच्च रक्तचाप का निदान नहीं होता। यह हाई-नॉर्मल श्रेणी में आता है।

हालाँकि, २४ घंटे के एम्बुलेटरी औसत की व्याख्या अलग होती है।

क्या बिना लक्षण के भी हाई ब्लड प्रेशर हो सकता है?

हाँ। WHO के अनुसार, उच्च रक्तचाप वाले बहुत से लोगों में कोई स्पष्ट लक्षण नहीं होते।

क्या क्लिनिक में सामान्य बीपी आने से हाइपरटेंशन की संभावना समाप्त हो जाती है?

हमेशा नहीं। मास्क्ड हाइपरटेंशन में क्लिनिक के बाहर रक्तचाप बढ़ा हुआ मिल सकता है।

क्या बुज़ुर्गों के लिए उपचार का लक्ष्य अलग हो सकता है?

हाँ। भारतीय दिशानिर्देश उम्र और व्यक्तिगत स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार उपचार के लक्ष्य निर्धारित करते हैं।

इन्हें सामान्य रक्तचाप की अलग परिभाषा नहीं समझना चाहिए।

स्रोत:Indian Guidelines on Hypertension (IGH-V), 2025–2026, तालिका १–४ और १८; WHO, Hypertension, २५ सितंबर २०२५।
https://www.japi.org/article/japi-74-5-s1-8
https://www.who.int/news-room/fact-sheets/detail/hypertension

अंतिम बात

ब्लड प्रेशर को केवल एक संख्या के आधार पर नहीं समझना चाहिए।

भारतीय उच्च रक्तचाप दिशानिर्देश आदर्श, सामान्य, हाई-नॉर्मल और उच्च रक्तचाप की अलग-अलग श्रेणियाँ बताते हैं। WHO सही मापन, समय पर पहचान और उचित उपचार पर ज़ोर देता है।

सामान्य रीडिंग, बीमारी की पहचान की सीमा और उपचार के लक्ष्य के बीच अंतर समझना महत्वपूर्ण है।

इससे अनावश्यक चिंता से बचने के साथ-साथ उन स्थितियों को पहचानने में भी सहायता मिलती है जहाँ चिकित्सकीय ध्यान आवश्यक है।

ब्लड प्रेशर की रीडिंग सबसे उपयोगी तब होती है जब उसे सही तरीके से मापा जाए, सही संदर्भ में समझा जाए और व्यक्ति की संपूर्ण स्वास्थ्य स्थिति के साथ देखा जाए।

चिकित्सकीय सामग्री एवं समीक्षा

डॉ. त्रिशा श्रीवास्तव
एमबीबीएस | पंजीकृत चिकित्सक

प्रमुख चिकित्सकीय संदर्भ

१. Indian Guidelines on Hypertension (I.G.H.)-V. 2025–2026
Mehta N, Mathur G, Pal J, Taneja A एवं अन्य।
Journal of the Association of Physicians of India, वॉल्यूम ७४, अंक ५, सप्लीमेंट १, मई २०२६।
DOI: 10.59556/japi.74.1495
https://www.japi.org/article/japi-74-5-s1-8

२. World Health Organization — Hypertension
WHO फैक्ट शीट, २५ सितंबर २०२५।
https://www.who.int/news-room/fact-sheets/detail/hypertension

३. World Health Organization — Hypertension in India
WHO India।
https://www.who.int/india/health-topics/hypertension

४. World Health Organization — Guideline for the Pharmacological Treatment of Hypertension in Adults
WHO, २०२१।
https://www.ncbi.nlm.nih.gov/books/NBK573627/

चिकित्सकीय अस्वीकरण

यह लेख सामान्य चिकित्सकीय शिक्षा और स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से तैयार किया गया है। यह उल्लिखित चिकित्सकीय प्रकाशनों पर आधारित है, लेकिन किसी व्यक्ति के लिए व्यक्तिगत निदान, उपचार या चिकित्सकीय परामर्श का विकल्प नहीं है।

रक्तचाप की जाँच और उपचार व्यक्ति की स्वास्थ्य स्थिति पर निर्भर करते हैं। अपनी रीडिंग की सही व्याख्या के लिए योग्य चिकित्सक से परामर्श करें। गंभीर या अचानक उत्पन्न लक्षणों की स्थिति में तुरंत आपातकालीन चिकित्सा सहायता लें।